फफूंद। थाना क्षेत्र के गांव तर्रई में बुधवार रात त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घर के बरामदे में तख्त पर सो रहे आशा कार्यकर्ता के 27 वर्षीय बेटे अवनीश कुमार को जहरीले कीड़े ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर उसे परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां से उसे रेफर कर दिया गया। सैफई स्थित अस्पताल ले जाने के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया।
अवनीश कुमार बुधवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। रात करीब 12 बजे जहरीले कीड़े के काटने से दर्द और बेचैनी होने पर उसकी नींद खुली। हालत बिगड़ने पर उसने परिजन को सूचना दी। परिजन एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने गंभीर अवस्था में सैफई रेफर कर दिया। वहां अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अवनीश ने दम तोड़ दिया।
उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मां इंद्रेश कुमारी गांव में आशा कार्यकर्ता हैं। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।