औरैया।
अछल्दा के रामगढ़ रोड स्थित मैनहा गांव में बने चर्च की सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही बुधवार को पुलिस व जिला प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। इधर जिस जमीन पर चर्च बना था उसके पट्टाधारक की तहरीर पर एक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अछल्दा में मैनहा में ग्राम समाज की जमीन पर बनाए गए चर्च की फोटो अंकुश तिवारी नाम के व्यक्ति की ओर से सोशल मीडिया पर वायरल की गई। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल फोटो की पुष्टि नहीं करता है। धार्मिक आस्था से जुड़ा होने का मामला देख एसपी चारु निगम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बिधूना एसडीएम निशांत तिवारी भी पहुंचे।
गांव के लोगों ने अधिकारियों को बताया कि अशोक दोहरे के पिता बिहारी दोहरे निवासी अमैना के पास 1972 में चार बीघा जमीन का पट्टा था। 2019 में फादर सुरेश मालतो को 126 स्क्वायर जमीन मंदिर के नाम पर दान कर दी थी। तब से वहां पर चर्च बना हुआ है। एसपी चारु निगम ने बताया कि मौके पर किसी भी प्रकार का कोई नया निर्माण होते नहीं पाया गया है।
कोतवाली प्रभारी मुकेश चौहान ने बताया कि अशोक दोहरे की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर चर्च बनाने के मामले में विजय जयकरन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
.
चर्च निर्माण के मामले में एसडीएम बिधूना के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। टीम सभी अभिलेखों की जांच करेगी। अब तक की जांच रिपोर्ट में मौके पर बने चर्च का निर्माण पुराना बताया जा रहा है। नया कोई भी निर्माण नहीं मिला है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- नेहा प्रकाश, जिलाधिकारी