संवाद न्यूज एजेंसी
अजीतमल। कस्बा के मोहल्ला फिरोजनगर विकास काॅलोनी के एक घर से तलाशी के दौरान दरोगा व सिपाही की वर्दी सहित अन्य समान मिला था। वर्दी की धौंस दिखा मोहल्ले के एक व्यक्ति से ठगी की बात सामने आई है।
हाईवे पर फर्राटा भर रही बाइक को संदिग्ध देख मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने जनपद की सीमा तक पीछा किया। जालौन जनपद में बाइक छोड़कर चालक भाग निकला। बाइक की शिनाख्त करते हुए पुलिस अजीतमल कस्बा के मोहल्ला विकास काॅलोनी फिरोज नगर पहुंची। जहां छानबीन में युवक के घर से दरोगा और सिपाही की वर्दी सहित कुछ कागजात व पीली धातु भी पुलिस को मिली।
कोतवाली पुलिस ने पत्नी और सास सहित घर में मौजूद परिजनों से पूछताछ भी की थी, लेकिन अभी तक युवक को पुलिस पकड़ नहीं सकी है और न ही अभी तक कोई मुकदमा दर्ज कराने आया है। क्षेत्राधिकारी अजीतमल भरत पासवान ने बताया की अभी तक जिसके साथ ठगी हुई थी, वह युवक मुकदमा लिखाने नहीं आया है। अगर वह नहीं आता है तो पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।