औरैया। शहर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सपा और बसपा पर निशाना साधा। कहा कि सपा के घोषणापत्र में जुमलेबाजी के अलावा कुछ नहीं है। इन्होंने जातिगत राजनीति की है और योगी सरकार ने पांच साल में सबका साथ-सबका विकास किया है। पांच साल में कराए गए विकास से यूपी विकास में काफी आगे हुआ है। किसानों के हित में योजनाएं चलाई गईं, जिससे आज किसान भी तरक्की की राह पर हैं।
जालौन रोड स्थित माधव मंगलम गेस्ट हाउस में शाम पौने सात बजे के करीब प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले देर से पहुंचने पर लोगों से माफी मांगी।
कहा कि किसानों के लिए जो काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया वह किसी ने नहीं किया। कृषि विभाग का बजट बढ़ाकर एक लाख 63 हजार करोड़ रुपये कर दिया और एमएसपी को बढ़ाकर डेढ़ गुना कर दिया। अखिलेश सरकार में जो डीएपी 2400 रुपये में मिल रही थी वह भाजपा सरकार में 1200 रुपये में मिल रही है।
कहा कि सपा सरकार में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार, गुंडाराज, खनन माफिया राज चला है। भाजपा की सरकार आते ही गुंडे जेल पहुंच गए। उन्होंने लोगों से 20 फरवरी को मतदान की अपील की। इसके बाद वह कार्यकर्ताओं के साथ कुछ देर बाद बात की और वापस चले गए। इस दौरान राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, सांसद रामशंकर कठेरिया तीनों विधानसभा के प्रत्याशी व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।