कंचौसी। चिटकाईयन पुर्वा के पंचायत भवन में पिछले तीन दिन से अन्ना मवेशी बंद हैं। इनके चारे-पानी का इंतजाम न होने से अन्ना मवेशियों की हालत बिगड़ रही है। इससे किसानों में प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है। बीडीओ के आश्वासन के बाद भी मवेशियों को गोशाला नहीं भेजा गया है।
क्षेत्र के किसानों ने रविवार को फसलों को बर्बाद कर रहे अन्ना मवेशियों को चिटकाईयन पुर्वा के पंचायत भवन में बंद कर दिया था। इसकी जानकारी खंड विकास अधिकारी को दी गई थी। जिस पर खंड विकास अधिकारी ने प्रधान व पंचायत सचिव को गोशाला भेजने के इंतजाम करने के निर्देश दिए थे, लेकिन 72 घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी इन अन्ना मवेशियों को गोशाला नहीं भेजा जा सका है।
इन मवेशियों के चारे और पानी का इंतजाम न होने से हालत खराब हो रही है। कमजोर मवेशियों को बड़े मवेशी मारकर चुटहिल कर रहे हैं। इससे कई मवेशियों की हालत गंभीर हो गई है। प्रधान हेतराम ने बताया कि उमरी गोशाला में जगह नहीं है। इनको सौंधेमऊ गोशाला भेजने की व्यवस्था कर रहे हैं, लेकिन कब तक इन मवेशियों को भेजा जाएगा, इस पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। बीडीओ सतीश चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि शुक्रवार को सभी अन्ना मवेशियों को उमरी गोशाला भेजा जाएगा।