बिजली घर के बाहर नाराजगी जता रहे लोगों को समझाती पुलिस।
- फोटो : बिजली घर के बाहर नाराजगी जता रहे लोगों को समझाती पुलिस।
एरवाकटरा। कस्बे में स्थित बिजलीघर में रविवार की सुबह एरवाकटरा, समायन, गाजीपुर व उमरैन फीडर के 100 से ज्यादा लोग पहुंच गए।
24 घंटे ने मात्र दो-तीन घंटे बिजली सप्लाई मिलने से नाराज इन लोगों ने बिजली घर का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने शिकायती पत्र देकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस दो घंटे तक लोगों का समझाकर शांत कराती रही।
कस्बा समेत क्षेत्रीय उपभोक्ता बिजली न मिलने से काफी नाराज दिखे। उधर, घेराव की सूचना पर थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी, उमरैन चौकी प्रभारी मूलेन्द्र चौहान व अवर अभियंता कुलवंत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ में शामिल किसानों व अन्य लोगों को उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे तक समझाने के बाद लोग शांत हुए।
इस दौरान ग्रामीणों ने लिखित रूप से अपनी पांच मांगों के साथ एक शिकायती पत्र दिया। अवर अभियंता कुलवंत सिंह ने बताया कि उपकेंद्र के अंतर्गत करीब 9682 घरेलू कनेक्शन, 36 पावर कनेक्शन व 2500 से ज्यादा किसानों के सबमर्सिबल के कनेक्शन हैं। धान की फसल का समय होने के चलते सभी ट्यूबवेल चलने के कारण लोड अधिक हो जाता है। इसके चलते बिजली समस्या बनी हुई है।
उपकेंद्र पर कुल 15 एंपियर के ट्रांसफार्मर लगे हैं, जोकि पर्याप्त नहीं है। यदि एक 10 एंपियर का ट्रांसफार्मर और आ जाए तो समस्या का निदान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। आदेश मिलने पर एस्टीमेट बनाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।