संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। होली को लेकर सोमवार की शाम चार बजे के बाद फूलगंज मैदान में महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने चुटकुलों व संगीत की प्रस्तुति देकर लोगों को गुदगुदाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर नव नियुक्त महामूर्खाधिराजों ने अपनी केबिनेट के मंत्रियों का गठन किया। साथ ही उन्हें डायरी पेन देकर सम्मानित किया। इस मौके पर गोबर के कंडे से महामूर्खाधिराज समेत उनकी नव नियुक्त केबिनेट की आरती उतारी गई।
कई वर्षों की तरह सोमवार को होली पर्व के अवसर पर शहर के फूलगंज मैदान में भव्य महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन किया गया। हंसी ठिठोली व स्वस्थ मनोरंजन के जरिए लोगों को खूब आनंदित किया गया। कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिली। कार्यक्रम में अजय शुक्ला अंजाम, राजीव चड्ढा, डॉ. गोविंद द्विवेदी समेत 20 से ज्यादा लोगों ने प्रस्तुति दी।
वहीं कार्यक्रम के समापन पर एक विचित्र पहल सेवा समिति के संस्थापक व औरैया रत्न आनंदनाथ गुप्ता व ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नीरज चौधरी को संयुक्त रूप से महामूर्ख का खिताब दिया गया। महामूर्ख चुने जाने के बाद दोनों मूर्खाधिराजों ने अपनी 11 सदस्यीय मंत्री मंडल का गठन किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे शिक्षक प्रशांत अवस्थी ने बीच-बीच में अपनी प्रस्तुति देकर लोगों को खूब ठहाके लगवाए। इस मौके पर गजेंद्र सिंह, पुष्पक शुक्ला, सक्षम सेंगर समेत काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।