दिबियापुर ( औरैया )। ग्राम ऊमरसाना में कई वर्षों से एक व्यक्ति की गाड़ी चला रहा एक युवक रविवार की रात से गायब है। परिजनों ने हत्याकर शव गायब कर देने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी है। सीओ सुभाष अत्री, थानाध्यक्ष मो.फहीम अख्तर ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इसके साथ ही गायब युवक के मोबाइल को सर्विलांस पर लगवा दिया गया है। खासी संख्या में ग्रामीणों के साथ पहुंचे पिता ने मामले की लिखित तहरीर दिबियापुर थाना पुलिस को दी है।
सोमवार की शाम दिबियापुर थाने पहुंचे जिला कानपुर देहात के ग्राम मुडे़रा विक्रम सिंह रुरा निवासी रामबहादुर ने बताया कि उनका (25) वर्षीय बेटा अखिलेश कुमार उर्फ डब्बू गत तीन वर्षों से सुभाष यादव पुत्र हरनाम सिंह निवासी ऊमरसाना के घर ड्राइवरी करता है। इसी बीच दो साल पहले लड़के से सरकारी नौकरी पुलिस में लगवाने के नाम पर तीन लाख रुपये घरवालों के सामने सुभाष ने ले लिए। दो साल व्यतीत होने के बाद उनके पुत्र ने रुपये वापस कराने की मांग की। सुभाष ने कहा था कि 27 सितंबर को उनका रुपया वापस कर देंगे।
सुभाष ने आज सुबह बताया कि रविवार की रात उनका बेटा कहीं चला गया है। रामबहादुर ने आशंका जताई है कि सुभाष ने उसके बेटे की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया है। इधर, युवक के गायब होने एवं हत्या की आशंका की शिकायत मिलने के बाद सीओ सुभाष अत्री ने पिता से पूछताछ की। साथ ही घटनास्थल पर भी जाकर पड़ताल की। थानाध्यक्ष मो. फहीम अख्तर का कहना है कि पीड़ित से तहरीर मिल गई है। मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। गायब युवक कानपुर देहात के डिग्री कालेज में बीएससी फाइनल का छात्र है।