औरैया। जिले में लगी आचार संहिता के उल्लंघन में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान बिना अनुमति के प्रचार करते तीन वाहनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिए। इससे बिना अनुमति प्रचार कार्य में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है।
सोमवार को भाग्यनगर ब्लाक में चल रहे बीडीसी नामांकन का निरीक्षण करने जाते समय जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव व पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने भाग्य नगर क्षेत्र में प्रचार कर रहे वाहनों को रोककर उनके अनुमति पत्र की जांच की। जिस पर बिना अनुमति के प्रचार करते पाए जाने पर तीन वाहनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बता दें कि जिले में लगी आदर्श आचार संहिता के बाद जिलाधिकारी द्वारा बिना अनुमति के वाहनों को प्रचार में प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई थी। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा वाहनों की जांच में पूरी कोताही बरती जा रही है। जिस पर जिलाधिकारी ने स्वयं ही इसकी कमान संभालते हुए सोमवार को वाहन चेकिंग करते हुए तीन वाहनों को पकड़ कर दिबियापुर पुलिस हवाले कर दिया।