सहायल (औरैया)। किलवापुर गांव में मारपीट के दौरान माता-पिता के साथ भागते समय पांच साल का मासूम बेटा दिव्यांशु कार की चपेट में आ गया। परिजन उसे तुरंत सीएचसी सहार ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि बच्चे के पिता ने सोमवार की रात गली में एक युवक को तेज बाइक दौड़ाने से रोका था। मंगलवार को इसी वजह से युवकों ने मारपीट कर दी। इसी दौरान हादसा हो गया।
फगुआ भट्टा थाना तिर्वा निवासी सुभाष अपने परिवार के साथ सोमवार को शादी समारोह में शामिल होने अरियारी गांव आए थे। वहां रात को शादी समारोह के दौरान उन्होंने गांव किलवापुर एक बाइक सवार को गली में तेज बाइक चलाने से मना किया था। जिस वह रात में चला गया था।
परिवार का आरोप है कि मंगलवार की दोपहर को सुभाष पत्नी, बच्चे व रिश्तेदार के संग दुकान जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे लोग उनके भांजे को डंडों से पीटने लगे।
सुभाष व पत्नी उसका बीच-बचाव करने लगे। जिस पर हमलावर दंपती से भी मारपीट करने लगे। भागते समय उनका बेटा दिव्यांशु (5) सड़क पर पहुंच गया। इसी बीच वह सहार की तरफ से आ रही कार की चपेट में आ गया। परिजन उसको सीएचसी गए। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। बच्चा चार भाइयों में सबसे छोटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश कर रही है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।