औरैया। चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज के स्टाफ पर एक मरीज ने हाइड्रोसील के ऑपरेशन के लिए रुपये लेने का आरोप लगाया है। यह भी आरोप है कि एक बार 1500 रुपये देने के बाद दोबारा रुपये मांगे जा रहे। मरीज की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है।
जालौन के कुठौंद क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी सौरभ कुमार ने बताया कि उसे हाइड्रोसील की दिक्कत थी। वह सात जनवरी को मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरी परामर्श के बाद भर्ती हुआ था। 10 जनवरी को उसका ऑपरेशन हुआ था। आरोप है कि इस ऑपरेशन के बदले में वार्ड में तैनात एक चमन नाम के कर्मी ने उससे 1500 रुपये की मांग की। किसी तरह परिजन से रुपये मंगाकर उसने दिए। रविवार को उसने फिर से 1500 रुपये की मांग कर दी। इस पर उसने सीएमएस से शिकायत की।
लिखित में दर्ज हुई इस शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज के स्टाफ में खलबली मच गई। कुछ लोगों ने मरीज को समझौता करने के लिए भी प्रेरित किया। सोमवार को पूरे दिन यह प्रयास चलता रहा। उधर, मामला और न बढ़ जाए इसे देखते हुए स्टाफ ने सौरभ को डिस्चार्ज कर दिया। हालांकि इस शिकायत पर जांच शुरू की गई है।
मरीज से ऑपरेशन के बदले रुपये लेने का मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। दोषियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। किसी भी मरीज या तीमारदार से रुपये की वसूली नहीं होने दी जाएगी।
-डॉ. जसवंत रत्नाकर, सीएमएस मेडिकल कॉलेज