औरैया। डॉक्टर उपलब्ध कराने के नाम पर क्लीनिक और अल्ट्रासाउंड सेंटरों को ठगने का आरोपी व 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश सोमवार को दिबियापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी निवासी आरोपी दीपक कुमार थाना पुलिस को करीब 20 माह से चकमा दे रहा था। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ गोरखपुर, वाराणसी, चंदौली समेत अन्य जनपदों में पांच प्राथमिकी दर्ज हैं। इटावा निवासी अस्पताल संचालक ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी लिखाई थी।
दिबियापुर थाना की ककोर चौकी प्रभारी आनंदी कुमारी फोर्स के साथ सोमवार को गश्त पर थीं। इसी दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश वाराणसी के थाना चौबेपुर के गांव मलाह बराई निवासी दीपक कुमार के दिबियापुर रोड स्थित ककुरिया मोड पर होने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इटावा के थाना उसराहार भरथना रोड निवासी एक अस्पताल संचालक नवीन कुमार ने मनोज, प्रशांत कुमार, संजीव और दीपक के खिलाफ फर्जी डॉक्टर उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी करने के आरोप में सात अप्रैल साल 2024 में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने मनोज, प्रशांत व संजीव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दीपक पुलिस को करीब 20 माह से चकमा दे रहा था। सोमवार को उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गोरखपुर, वाराणसी, चंदौली समेत अन्य जनपद में पांच प्राथमिकी दर्ज हैं।
ऐसे करता था लोगों से ठगी
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने गैंग की मिलीभगत से डॉक्टर उपलब्ध कराने के नाम पर फंसाता था। वह क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड सेंटर और एक्स-रे सेंटरों को मेडिकल डिग्री और डॉक्टर उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी करता था। कई लोगों से गैंग ने तीन से चार लाख रुपये वसूले थे। वह क्लीनिक को डॉक्टर उपलब्ध कराने का झांसा देते थे।