दिबियापुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय उसरारी (कंपोजिट) की प्रभारी प्रधानाध्यापक ने गांव के एक युवक पर आरोप लगाया कि अपनी पत्नी को रसोइया के पद पर तैनात कराने के लिए बच्चों के खाने में कीड़ा डाल देता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर में इंदिरानगर निवासी पूर्व माध्यमिक विद्यालय उसरारी (कंपोजिट) की प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनीता द्विवेदी ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के सुनील कुमार आए दिन विद्यालय में बेवजह के विवाद करते हैं। विद्यालय मैं तैनात महिला स्टाफ होने के चलते सबको कार्य करने में समस्या उत्पन्न करता है।
मिड डे मील में अपनी पत्नी को रसोइया के पद पर लगाने के लिए दबाव बनाता है। आरोपी जान से मारने की धमकी देता है। बच्चों के खाने में बहला-फुसलाकर कीड़े इत्यादि डाल देता है। कहता है कि अगर मेरी पत्नी को रसोइया के पद पर नही रखा, तो किसी झूठे मुकदमे में फंसा देगा।
आरोप लगाया कि विद्यालय में पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक से सुनील के पुराने संबंध हैं। गांव के अनेक लोगों व पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक के सहयोग आरोपी आए दिन हरकतें करता रहता है। विद्यालय की अन्य महिला कर्मियों ने भी थाने में दिए गए शिकायती पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान के अनुसार आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।