इलाहाबाद में एक दरोगा द्वारा वकील की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से जिला जजी के अधिवक्ताओं ने आज हड़ताल रखी। आक्रोशित वकीलों ने सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
वकीलों को उत्तेजित देख पुलिस ने भी व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए। इस दौरान कई थानों का पुलिस फोर्स भी कचहरी परिसर के बाहर एकत्रित हो गया। उधर वकीलाें ने 13 मार्च को भी न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा की है।
इलाहाबाद न्यायालय में 11 मार्च को एक दरोगा द्वारा एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या करने की घटना पर जिला जजी के वकीलों में सुबह से ही आक्रोश दिखाई देने लगा था।
जिला जजी परिसर के बाहर सीओ सिटी शिवराज सिंह के नेतृत्व में औरैया कोतवाल अजय पाठक, दिबियापुर थानाध्यक्ष विक्रमाजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ तैनात हो गए। डीबीए अध्यक्ष सुनील दुबे ने वकील की हत्या पर हड़ताल की घोषणा करते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
उधर पूर्व डीबीए अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ शुक्ला ने जजी परिसर में सशस्त्र पुलिस बल का विरोध करते हुए उन्हें परिसर से बाहर जाने को विवश कर दिया। शुक्ला ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अधिवक्ता की हत्या पर सिर्फ दस लाख रुपये की ही घोषणा किया जाना उनके साथ अन्याय है।
सभी अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आए। इस दौरान कई वकीलों ने जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस अधिकारियों के समझाने पर कुछ देर में ही मामला शांत हो गया।
जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील दुबे व प्रवक्ता शिवम शर्मा ने बताया कि 13 मार्च को भी वकील इस घटना को लेकर हड़ताल पर रहेंगे व न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद दुबे, दीपेंद्र सिंह कुशवाह, अशोक अवस्थी, महावीर शर्मा, कुलदीप दुबे, देवालय दुबे, अरविंद पाल पम्मू, संजीव चतुर्वेदी, कुलदीप शुक्ला आदि ने दरोगा द्वारा की गई अधिवक्ता की हत्या हत्या की निंदा करते हुए उसकी गिरफ्तारी व मृतक वकील के परिजनों को और अधिक मुआवजा देने की मांग की।
राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन के वकीलों ने घटना को लेकर आकस्मिक बैठक कर घिनौने कृत्य की निंदा की। साथ ही सभी अधिवक्ताओं ने गुरुवार को कलमबंद हड़ताल रखी। एसोसिएशन महामंत्री शेखर मिश्रा ने बताया कि घटना के विरोध में 13 मार्च को भी राजस्व अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता बाबू सिंह तोमर, विनोद तिवारी, श्रीनारायण तिवारी, राजेश दीक्षित, दिनेश शुक्ला, सुशील पांडेय, दीपक सक्सेना, शिव प्रकाश श्रीवास्तव, आमोद त्रिपाठी, अमरेश पांडेय, विनय बाजपेई, सालिगराम, गोपाल, रवि पांडेय, अजय सक्सेना, रामबाबू पांडेय, नबाब सिंह, शिशुपाल सिंह सेंगर, रामकृष्ण दुबे आदि लोग शामिल रहे।