औरैया। राजस्व गांवों में इस पंचवर्षीय के अंतिम दौर में विकास कार्य कराए जाने हैं। इसे लेकर ग्राम पंचायत सचिवालयों में खुली बैठक हो रही हैं। इन बैठकों की मानीटरिंग एआई फोटो के जरिए की जा रही हैं। इस फोटो ने बैठक को खुले तौर पर करने को मजबूर कर दिया है। ऐसे में विकास कार्यों का एजेंडा केवल प्रधान सचिव तक ही सीमित नहीं रहेगा।
शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में होने वाली बैठक की रिपोर्ट देने के लिए एआई फोटो की अनिवार्यता की गई है। हाल ही में डीएम के निर्देश पर जिले के राजस्व गांवों में विकास कार्य कराने के लिए एजेंडा बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में एआई फोटो की महत्ता बढ़ गई है। एआई फोटो से बैठक की पुख्ता माॅनीटरिंग की जा रही है। एआई फोटो से लोगों की मौजूदगी, मूवमेंट, आवाज और चेहरे तक स्कैन हो रहे हैं। ऐसे में ग्राम सभा की बैठक में ग्राम प्रधान व सचिव से लेकर सदस्य व ग्रामीणों को भी शामिल करना पड़ रहा है। एआई फोटो ने खुली बैठक की व्यवस्था को पूरी तरह से लागू कर दिया है।
ग्राम पंचायतों में होने वाली बैठक के लिए एआई फोटो को अनिवार्य किया गया है। सचिव इस फोटो को एजेंडा बैठक के साथ भेज रहे हैं। सचिवों को पोर्टल भी डाउनलोड कराते हुए प्रशिक्षण दिया गया है। -श्रीकांत यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी