दिबियापुर (औरैया)। आगरा एवं कानपुर के दैनिक यात्रियों के लिए लाइफ लाइन कही जाने वाली आगरा-लखनऊ इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन कोहरे के कारण 16 दिसंबर से 31 जनवरी के बीच बंद रहेगी। महानंदा एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया है। इससे यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ जाएंगीं।
रेल प्रशासन के अनुसार कोहरे के मौसम को देखते हुए 02179/02180 लखनऊ-आगरा फोर्ट इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन 16 दिसंबर से 30 जनवरी तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही 05483 अप अलीपुर द्वार से दिल्ली जंक्शन के बीच चलने वाली महानंदा स्पेशल ट्रेन को 16 दिसंबर से 31 जनवरी तक के लिए एवं 05484 डाउन महानंदा स्पेशल एक्सप्रेस को 18 दिसंबर से 2 फरवरी तक के लिए निरस्त कर दिया गया है।
यहां बता दें कि 02179/02180 आगरा-लखनऊ इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन आगरा जाने वाले दैनिक यात्रियों के लिए लाइफ लाइन मानी जाती थी। दिबियापुर के सभी व्यापारी सुबह के समय कानपुर जाने एवं शाम को कानपुर से वापस आने के लिए इसी ट्रेन का इस्तेमाल करते थे। इसके बंद होने से दैनिक यात्रियों की मुसीबतें बढ़ जाएंगीं। इसके साथ ही आगरा जाने वाले यात्रियों के लिए अब फफूंद रेलवे स्टेशन से अवध एक्सप्रेस ट्रेन ही बची है। मुंबई की एकमात्र ट्रेन होने से इसमें आरक्षण न मिलने के कारण यात्रियों को आगरा जाने में भी परेशानी उठानी पड़ेगी।