औरैया। बेसिक शिक्षा विभाग के दो शिक्षकों को शुक्रवार को बर्खास्त कर दिया गया। इस मामले में फिलहाल दो अन्य शिक्षकों पर भी कार्रवाई होनी बाकी है।
साल 2021 में सात शिक्षकों को बर्खास्त किया गया था। तीन शिक्षक चुपचाप बैठ गए थे लेकिन चार शिक्षक हाईकोर्ट जाकर दोबारा से नौकरी करने लगे थे। ऐसे में अब दो और शिक्षकों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक रही है।
शासन ने साल 2010 के बाद नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों के अभिलेखों की साल 2021 में जांच कराई थी। जिला स्तर पर गठित कमेटी ने सात शिक्षकों की मार्कशीट में हेरफेर पकड़ा था। इसके बाद उन शिक्षकों को कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। पक्ष न रखने पर सातों शिक्षकों को तत्कालीन बीएसए चंदनाराम इकबाल ने बर्खास्त कर दिया था।
बर्खास्त हुए सात शिक्षकों में चार ने हाईकोर्ट की शरण लेकर कार्रवाई में स्टे पा लिया था। दोबारा से नौकरी करने लगे थे। हाईकोर्ट पहुंचे इन मामलों में दोबारा नौकरी करने वाले दो शिक्षकों अछल्दा ब्लॉक के गौतला प्राथमिक विद्यालय में तैनात विनोद कुमार व सहार ब्लॉक के वृतझाल प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक गोविंद भदौरिया को बीएसए ने दोबारा जांच के बाद बर्खास्त कर दिया है। मार्कशीट में हेराफेरी मामले में दो अन्य शिक्षकों पर भी अभी जांच जारी है। शेष बचे दो शिक्षकों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है। अब बाकी दो पर तलवार लटक रही है।
स्नातक की मार्कशीट में हेराफेरी कर नौकरी पाने वाले दो शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। दो अन्य मामलों की भी जांच चल रही है। हाईकोर्ट के निर्देश पर उन मामलों की भी जांच हो रही है।
-संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी