औरैया। सूबे के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को बिना सूचना दिए सालों से गायब चल रहे प्रदेश भर के डॉक्टरों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई कर दी। इसमें दिबियापुर सीएचसी में नौ साल से गायब चल रहीं डॉ. मोनिका वर्मा को बर्खास्त कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 16 जनवरी 2017 को दिबियापुर सीएचसी में ज्वाॅइन किया था। करीब चार माह तक सीएचसी में सेवाएं भी दी थी। 23 मई 2017 को अंतिम ड्यूटी की। इसके बाद वह नहीं आईं। इसे देखते हुए उन्हें तीन-चार बार नोटिस भी भेजे गए। इन नोटिसों को तामील भी कराया गया।
पिछले दिनों बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे डॉक्टरों की सूची शासन से तलब की गई थी। ऐसे में विभाग की ओर से भेजी गई सूचना पर शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कार्रवाई की। दिबियापुर सीएचसी से गायब चल रहीं डॉ. मोनिका वर्मा को बर्खास्त कर दिया गया।