विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को डीएम ने कई अफसरों पर कार्रवाई की। बैठक में अनुपस्थित डीडी कृषि, मत्स्य पालन, डीपीओ व सेवायोजन अधिकारी का काटा वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं लोहिया ग्राम की गलत रिपोर्ट देने पर डीएम ने एरवाकटरा बीडीओ को जमकर लताड़ लगाई। साथ ही एडवर्स एंट्री के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने सभी अधिकारियों से कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में डीएम माला श्रीवास्तव ने जिले भर के बीडीओ को लोहिया व राज्य पोषण मिशन के तहत आने वाले गांवों में पूर्व के बने असंचालित शौंचालयों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही 22 लोहिया ग्रामों में शौंचालयों से अपूर्ण रहे एक गांव को शौचालय से संतृप्त करने को डीपीआरओ को निर्देशित किया। बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारियों के जल्दबाजी में किए गए स्थानांतरणों में पैसा वसूली की शिकायत मिलने पर डीएम ने सीडीओ सत्येंद्र नाथ चौधरी को जांच करने के आदेश जारी किए हैं। कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं डीएम ने लोहिया, इंदिरा व जनेश्वर मिश्र योजना के तहत अब शौचालयों की धनराशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थी के खातों में भेजे जाने के निर्देश दिए। वहीं 605 लोहिया आवास के निर्माण में 278 लाभार्थियों के अभी खाते ही नहीं खोले जा सके हैं। इससे खफा डीएम ने एरवाकटरा व अजीतमल बीडीओ को जमकर लताड़ लगाई। साथ ही 9 फरवरी तक सभी लाभार्थियों के खाते खुलवाने की चेतावनी दी। वहीं 15 दिन में मूल व जाति निवास बनवाकर कागजी कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। समस्या आने पर तत्काल संज्ञान में दें अन्यथा की स्थिति में संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में एरवाकटरा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम उदयपुर, व सहार ब्लाक के ग्राम कुसमरा में जल्द ही में बनाई गई गुणवत्ता विहीन सीसी मार्गों की शिकायत मिलने पर डीएम ने डीसी मनरेगा अनिल सिंह, एई डीआरडीए को ग्राम उदयपुर व पीडी जीपी गौतम व एई डीआरडीए को ग्राम कुसमरा में मार्गों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जांच अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यदि मार्गों के निर्माण में मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ रिकवरी की कार्रवाई की जाए। वहीं जिले के सभी 324 तालाबों पर वृक्षारोपण कर हरित क्रांति से लबालब किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने लोहिया, इंदिरा व जनेश्वर मिश्र योजना के तहत पात्रों को आवंटित किए गए आवासों पर रोशनी की व्यवस्था कराए जाने को नेडा विभाग के अधिकारियों को जल्द लाइटें लगाने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम सभा की जमीन पर किसी भी प्रकार के आवास न बनाए जाने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम उदयपुर व बरौनाकला में ग्राम सभा की जमीन पर अवैध निर्माण कार्य कराए जाने की सूचना मिलने पर डीएम ने तत्काल एसडीएम बिधूना मदन चंद्र दुबे को मौके पर जाकर हटवाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने वृद्धावस्था की पेंशन पा रहे 39 हजार 838 में जांच कराए जाने पर पाए गए 28 अपात्रों, विधवा पेंशन योजना के तहत पेंशन पा रहे 10 हजार 476 लाभार्थियों में अपात्र पाए गए 214 लाभार्थियों, समाजवादी पेंशन योजना के तहत लाभ पा रहे 39 हजार 92 लाभार्थियों में अपात्र पाए गए 805 लाभार्थियों की पेंशन रोकने के साथ ही नोटिस जारी कर उनसे रिकवरी कराए जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने बैठक में घरेलू गैस एजेंसियों को आधार कार्ड की ऑन लाइन फीडिंग न किए जाने पर डीएसओ को उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीएम ने जल निगम को सेंगनपुर, सिखरना, ब्लाखी में बंद पड़े ओवरहैड टैंकों को चालू करने के आदेश दिए।