औरैया। दिबियापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची कालका एक्सप्रेस से उतरे एक यात्री की शिकायत पर जीआरपी पुलिस ने सात लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है। घटना के पीछे एसी कोच में सिगरेट पीने से मना करने पर सात युवकों के गुट ने घटना को अंजाम दिया है।
सोमवार की दोपहर जैसे ही कालका एक्सप्रेस दिबियापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। तभी एसी कोच में सवार पीड़ित पश्चिम बंगाल निवासी प्रसन्नजीत दास ने जीआरपी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सात लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की।
इस संबंध में जीआरपी चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि कालका एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर के दौरान हली शहर जिला नार्थ पश्चिम बंगाल निवासी अनिरवान विश्वास अपने साथियाें सूर्यांघा विश्वास, जिला नदिया पश्चिम बंगाल निवासी प्रनित चंद्रा, हली शहर थाना बीचपुर पश्चिम बंगाल निवासी कुंतल बनर्जी, कल्यानी जिला नदिया पश्चिम बंगाल निवासी किंग सुक, सिपुलतला वनगांव जिला नार्थ पश्चिम बंगाल निवासी अडिंगदम राय व कल्यानी जिला नदिया पश्चिम बंगाल निवासी रुपम कुमार दास के साथ सफर कर रहे थे। रास्ते में युवकों ने सिगरेट पीना शुरू कर दिया। जिससे कोच में बैठे अन्य यात्रियों को सिगरेट के धुएं से परेशानी हाेने लगी।
इस बीच कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास भी किया, लेकिन उनकी संख्या अधिक होने से किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई। तभी पश्चिम बंगाल निवासी प्रसन्नजीत दास ने उन युवकों ने कोच के बाहर जाकर सिगरेट पीने के लिए कहा। इस पर युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सभी सातों नामजदों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।