शहर के एक नंबर बिजली केंद्र पर चल रहे निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी जांच में सही पाई गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने शासन और दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। निर्माण कार्य मानक विहीन होने के मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने पीडब्लूडी विभाग को जांच के निर्देश दिए थे।
शहर के 33/11 केवीए बिजली केंद्र पर एसडीओ कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में मानकों की लगातार अनदेखी की जाती रही। जानकारी मिलने पर अमर उजाला ने मानक विहीन कार्य कराने की खबरों को अभियान चलाकर प्रकाशित किया। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने मामले को दबाए रखने का प्रयास किया। लेकिन निर्माण के दौरान छज्जा गिरने के बाद बिजली विभाग सकते में आ गया।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों के साथ डीएम को भी इस मामले में गुमराह करने का प्रयास लिया। लेकिन अमर उजाला में छपे साक्ष्यों को देखकर डीएम ने मामले में जांच बैठा दी। जांच के दौरान बिजली विभाग के अधिकारी डीएम को रिपोर्ट सौंपने में आनाकानी करते रहे। लेकिन डीएम का कड़ा रुख देख बिजली अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट शनिवार को डीएम को सौंप दी। जांच रिपोर्ट में भ्रष्टाचार खुलकर सामने आ गया। इस पर डीएम ने निर्माण इकाई के खिलाफ कार्रवाई के लिए दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड को लिखा है। वहीं अब इस निर्माण इकाई के अन्य निर्माण भी संदेह के घेरे में आ गए हैं।
मानकों की अनदेखी करने पर कार्यदाई संस्था जयश्री इंटर प्राइजेज हमीरपुर और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मानक के अनुसार निर्माण कार्य कराने के लिए शासन और दक्षिणांचल बिजली वितरण खंड को लिखा है।
माला श्रीवास्तव (डीएम, औरैया)
कब और कैसे चला अभियान
शहर के एक नंबर बिजली घर में निर्माण कार्य पहले दिन से ही संदेह के घेरे में आ गया था। अमर उजाला ने नौ मार्च, 13 मार्च और 14 मार्च के अंकों में खबर प्रकाशित कर अधिकारियों को गुणवत्ता सुधार के लिए सचेत किया था। लेकिन बिजली अधिकारी ने मौके का निरीक्षण करना तक उचित नहीं समझा। आठ अप्रैल को खिड़की के ऊपर पड़ा आरसीसी का छज्जा नीचे आ गिरा। इस खबर को भी अमर उजाला ने अपने नौ अप्रैल के अंक में प्रकाशित किया। जिस पर डीएम माला श्रीवास्तव ने 12 अप्रैल को पीडब्लूडी अधिकारियों को इसकी जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। शुक्रवार 21 अप्रैल को मौके पर जांच करने पहुंचे पीडब्लूडी अधिकारी की खबर को भी अमर उजाला ने प्रमुखता से 22 अप्रैल के अंक में प्रकाशित किया।
एक तरफ कार्रवाई दूसरी ओर प्लास्टर शुरू
शहर के एक नंबर बिजली घर पर निर्माण कार्य मानक विहीन होने पर डीएम ने कार्यदाई संस्था पर कार्रवाई को लिखा है तो वहीं दूसरी ओर इसी भवन पर प्लास्टर का काम भी शुरू हो गया है। बिजली अधिकारियों को अब डीएम के आदेश का खौफ भी नहीं रहा है।