औरैया। बिजली विभाग ने बुधवार को सत्तेश्वर, गुरूहाई के अलावा ग्रामीणांचल के गांव लुईयापुर, बरैला का पुर्वा में सघन बिजली चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने काटे गए कनेक्शनों के दोबारा जोड़े जाने की जानकारी पर 12 बकायेदारों के मीटर उखाड़ लिए साथ ही उनकी केबलें भी उतारकर जब्त कीं।
एक्सईएन संतोष कुमार ने बताया कि पूर्व में 12 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए थे। बाद में संबंधित व्यक्ति ने चोरी छिपे फिर से केबल जुड़वा ली। इस पर चेकिंग टीम ने एक लाख रुपये से ऊपर के 12 बकायेदारों के मीटर उखाड़ लिए और केबल जब्त की गईं। विजिलेंस टीम ने पांच बिजली चोरों पर रिपोर्ट भी दर्ज की है। दो उपभोक्ताओं के मीटर में भारवृद्धि की गई है। सवा छह लाख रुपये राजस्व वसूला गया। इसके अलावा 9.61 लाख रुपये के अन्य 29 बकायेदारों के भी कनेक्शन काटे गए हैं।
फफूंद के विद्युत सब स्टेशन केशमपुर के अवर अभियंता ओमवीर सिंह ने बुधवार को गांव पाता में चेकिंग अभियान चलाया। अनिल द्विवेदी व विजय शंकर केबल से कट लगाकर बिजली चोरी करते पाए गए। अवर अभियंता ने दोनों के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अवर अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान बराबर जारी रहेगा। चेकिंग में लाइनमैन विशाल कुमार, सुरजीत माथुर, धीरज सिंह, विश्वनाथ आदि विद्युत कर्मी शामिल रहे।