सहार (औरैया)। बेला थाना क्षेत्र के सहार कस्बे में स्थित टीवीएस बाइक शोरूम से बीती रात चोरों ने नगदी और पार्ट्स सहित लाखों का माल पार कर दिया। घटना की सूचना शोरूम मालिक को पड़ोस में रहने वाले ने दी।
मंगलवार की रात चोरों ने सबसे पहले लाइटें व सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। उसके बाद शोरूम के सर्विस रूम में लगे चार ताले तोड़ दिए। शोरूम में रखा 95 हजार रुपये नगद के अलावा लगभग 1.52 लाख रुपये कीमत के कंप्यूटर, फोटो कॉपी मशीन, सीसीटीवी हार्ड डिस्क, लैपटॉप, एक इनवर्टर, एक बैटरा, एलसीडी टीवी व बाइकों के पार्ट्स उठा ले गए। सुबह होने पर पड़ोस में रहने वालों की नजर शोरूम के टूटे तालों पर पड़ी, उन्होंने शोरूम मालिक औरैया निवासी इसरार अहमद को फोन से जानकारी दी।
सूचना मिलने पर बेला थानाध्यक्ष पप्पू सिंह व सहार चौकी इंचार्ज प्रदीप अवस्थी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड टीम ने भी जांच की। पुलिस ने बताया कि चोरों ने कोई सुराग नहीं छोड़ा है। शोरूम मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।