औरैया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत बुधवार को डीएम अभिषेक सिंह और सदर विधायक रमेश दिवाकर ने कलक्ट्रेट परिसर में सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन संभागीय परिवहन विभाग ने किया। सड़क सुरक्षा सप्ताह 24 नवंबर तक चलेगा।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह में जिले में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मार्गों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही खराब हो चुकी सड़कों को सही किया जाएगा। मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों को जागरूक होने की आवश्यकता है।
सदर विधायक रमेश दिवाकर ने बताया कि सरकार होने वाली मार्ग दुर्घटनाओं के प्रति चिंतित है। इसे रोकने के लिए सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
पीटीओ रेहाना बानो ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत बाइक सवार व चार पहिया वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही प्रचार वाहन से पंफलेट, स्टीकर व हैंडबिल बांटकर लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि शाम को ग्रामीण क्षेत्रों में बिना हेलमेट लगाए जा रहे बाइक सवार व बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन चालकों को रोककर नियमों के पालन करने को कहा गया है। आरआई बलवंत सिंह यादव ने प्रचार वाहन में वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का काम किया।