दिबियापुर (औरैया)। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने से प्रशासन खासी सतर्कता बरत रहा है। जिम खुलने की शिकायत मिलने पर एसडीएम औरैया ने मंगलवार को दिबियापुर के कई जिम में पहुंचकर जांच की। इस दौरान चार जिम को सीज कर चाबियां उनके संचालकों के सुपुर्द कर दी। एसडीएम ने बताया कि शासन एवं डीएम के आदेश के बाद ही अब जिम खुल सकेंगे।
मंगलवार को दोपहर एसडीएम औरैया रमेश यादव दिबियापुर पहुंचे। दोपहर होने के कारण जिम में कोई युवा व्यायाम करता तो नहीं मिला, लेकिन सुबह शाम जिम में युवाओं के एकत्र होने की जानकारी मिली। एसडीएम रमेश यादव के अनुसार सहायल रोड, कलक्टरी रोड, इंदिरानगर व विकास कुंज में जिम संचालित होने की सूचना मिली थी। इसपर जांच के लिए आए थे। सभी चार जिम को सीज कर चाबियां उनके संचालकों को दे दीं गईं हैं।
उन्होंने बताया कि जिम संचालक अरुण पुत्र मुलायम सिंह सहायल रोड, सागर पुत्र बलराम कलक्टरी रोड, धीरज पुत्र कृष्ण बिहारी इंदिरानगर, धीरू सिंह पुत्र महेंद्र सिंह विकास कुंज ने लिखकर दिया है कि अब वह किसी भी दशा में जिम नहीं खोलेंगे।