औरैया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में शासन की विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के 71 बिंदुओं पर चर्चा की। समीक्षा बैठक में आरईएस के एक्सईएन को देर से आने पर नोटिस जारी करने करने का निर्देश दिया। वहीं, अनुपस्थिति रहने पर जलनिगम के एक्सईएन का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने सीएमओ को निर्देश दिए कि गोल्डन कार्डों के बनाने की रफ्तार को बढ़ाएं। सभी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता बनी रहें एवं कोविड हेल्प डेस्क का संचालन बेहतर तरीके से किया जाए।
डीपीआरओ को निर्देश दिए कि अधूरे शौचालयों को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए, जिन लाभार्थियों की किस्त रुकी हुई है उन्हें लाभान्वित करें। कायाकल्प योजना को अधूरे काम जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को अन्य जनपद में आए लोगों की पात्रता की जांच कराकर पेंशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस पोर्टल के संबंध में शिकायतों का गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण करने को कहा। डीएसओ अशोक कुमार को अंत्योदय अन्न योजना के राशन कार्डों की जांच करने व बनाने को कहा। कृषि अधिकारी को समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में डीएफओ, प्रभारी सीडीओ, जिला विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।