औरैया। हॉटस्पॉट क्षेत्र में ड्यूटी में ढिलाई बरतने पर एसपी ने सिपाहियों समेत 27 होमगार्डों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं, बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर एसपी ने पीआरबी अजीतमल में तैनात एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
बिधूना कस्बे के नई ईदगाह मोहल्ला निवासी अनीस पुत्र मजीद 24 अप्रैल को औरैया के हॉटस्पॉट क्षेत्र कस्बा खानपुर में अपनी ससुराल अच्छन खां पुत्र हबीब खां के घर आया हुआ था। जहां से वह उसी दिन अपनी पत्नी मैनाज व दो मासूम बच्चों को लेकर हॉटस्पॉट क्षेत्र से निकलकर अपने घर बिधूना पहुंच गया।
इस बात की जानकारी मिलते ही एसपी सुनीति ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच-पड़ताल कराई। पुलिस ने उक्त अनीस नाम के युवक को हिरासत में लेकर उसकी जांच कराई। इसके बाद उसेे क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। हालांकि बाद में उसकी रिपोर्ट निगेटिव निकलने पर पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली।
इस मामले में एसपी ने दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने और काम के प्रति लापरवाही बरतने पर पुलिस समेत 27 होमगार्डों को नोटिस थमाया है। उधर दो दिन पूर्व बिना अनुमति के आगरा जाने पर एसपी सुनीति ने कांस्टेबल राजपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।