औरैया। शामली जिले से आए तब्लीगी जमात के 13 लोगों को खानपुर की एक खाली बिल्ंिडग में क्वारंटीन किया गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम 14 दिन तक इनकी निगरानी करेगी। डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि यह लोग निजामुद्दीन मरकज में हुए धार्मिक आयोजन में शामिल रहे हैं या नहीं, इसके लिए इनकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। डीएम ने बताया कि 13 लोगों में 11 लोग शामली और दो लोग तेलंगाना के रहने वाले हैं।
औरैया जिले के तब्लीगी जमात के अमीर (जिम्मेदार) रियाजउल्ला ने बताया कि 15 दिन पहले यह जमात शामली से आई थी। इनको सबसे पहले औरैया के मरकज तहसील वाली मस्जिद में रोका गया। इसके बाद यह जमात खानपुर कस्बे में अलग-अलग मसजिदों में रही। इस दौरान लॉकडाउन होने की वजह से अब यह जमात कुरैशियान मसजिद में रुकी हुई है। उन्होंने इसकी सूचना प्रशासन को दी थी।
उधर, निजामुद्दीन मरकज में जमातियों में कोराना वायरस की पुष्टि होने से देशभर में हड़कंप मचा तो जिलों में भी ऐसी जमातों की तलाश शुरू हुई। औरैया जिले के कुरैशियान मस्जिद में जमात रुके होने की सूचना पर डीएम के निर्देश पर सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने मंगलवार को डॉक्टरों की टीम भेजकर इन लोगों की जांच कराई थी।
वहीं, कोरोना के नोडल अफसर डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि सभी 13 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई थी, जिसमें सभी सामान्य पाए गए थे। उधर, जांच के बाद इन सभी को कुरैशियान मस्जिद में रखा गया था। डीएम अभिषेक ने बताया कि बुधवार को इन 13 लोगों को खानपुर में ही एक खाली बिल्ंिडग में 14 दिन तक के लिए क्वारंटीन किया गया है। यहां 14 दिन तक उनकी निगरानी की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात कर दी गई है।