औरैया। लॉकडाउन के चलते बाहर से आने वालों की भीड़ को देखते हुए सोमवार को सुबह जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया। डीएम अभिषेक व एसपी सुनीति ने निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि बिना जांच के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए। वहीं, लॉकडाउन के दौरान अनुमति लेने के लिए जिले के लोगों को अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं हैं। डीएम ने इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ किया है। आवेदन करने पर 24 घंटे के अंदर पास जारी किए जाएंगे।
जिले की सीमाओं को सील करने के बाद बाहर से आने वाले हर व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। उसके बाद ही उसे जिले में प्रवेश दिया गया। इन सील हुई सीमाओं को डीएम अभिषेक सिंह और एसपी सुनीति ने निरीक्षण किया और वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी व्यक्ति को बिना जांच के प्रवेश न दिया जाए। जिले के लोगों की स्क्रीनिंग कराकर उन्हें पास के क्वारंटीन सेंटर में रोका जाए। शहर के जालौन चौराहे पर पहुंचे जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने मौजूद बाहर से आए लोगों को क्वारंटीन सेंटर जाने की बात कही। पुलिस कर्मियों को भी निर्देशित किया कि वाहनों से भूसे की तरह लोगों को भरकर न भेजें। सोशल डिस्टेंस का पालन किया जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि कोविड -19 समस्या को देखते हुए लॉकडाउन के समय मदद के लिए ई-पास जारी करने के लिए एक आनलाइन पोर्टल http//movepass.azurewebsites.net तैयार किया गया है। लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऐसे लोगों को 24 घंटे में पास जारी किए जाएंगे।