औरैया। जिले में चल रहे लॉकडाउन के दौरान लोगों को सब्जी के लिए हो रही परेशानी को देखते हुए मंडी समिति प्रशासन ने नया प्रयोग करते हुए दो लोडर के माध्यम से सब्जी की होम डिलीवरी सेवा शुरू करा दी है। मंडी सचिव का कहना है कि यदि यह प्रयोग सफल रहा तो मंडी प्रशासन की ओर से होम डिलीवरी के लिए गाड़ियां बढ़ाने के साथ ही गांव के लोगों को भी घर बैठे सब्जी मुहैया कराने की व्यवस्था करा दी जाएगी।
इसके लिए बताए गए फोन नंबरों पर जानकारी देनी होगी। गल्ला मंडी समिति प्रशासन ने शनिवार से लोगों के घरों तक सब्जी पहुंचाने के लिए होम डिलीवरी सेवा शुरू करा दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मंडी सचिव राजेश कुमार ने बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि लोगों को सब्जी उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
लोग सब्जी लेने के लिए घरों से बाहर न निकलें। इसके लिए गल्ला मंडी प्रशासन की ओर से दो लोडरों का संचालन कराया गया है। जिसको भी सब्जी की जरूरत हो वह दिलीप कुमार के मोबाइल नंबर 7417898639 व राजेश कुमार को 9536138758 पर फोन करके अपनी जरूरत के मुताबिक आर्डर नोट करा दें। बताया कि घर तक सब्जी पहुंचाने का कोई भी शुल्क नहीं वसूल किया जाएगा। उपभोक्ता को केवल जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित किए गए शुल्क का ही भुगतान कर आर्डर के अनुसार सब्जी प्राप्त करनी है।