औरैया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पूरा होने के बाद जिले में लगी आचार संहिता हटा दी गई है। इसके साथ ही फिर से विकास कार्यों के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। डीएम ने जल्द कार्यों को शुरू कराकर प्रवासियों को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही जनपद में विकास कार्य ठप हो गए थे। अधिकारी पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट गए थे। तीन ग्राम पंचायतों पर उपचुनाव के बाद बुधवार से जिले में लागू त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आदर्श आचार संहिता हट गई। कोरोना काल व पंचायत चुनाव के दौरान काफी संख्या में प्रवासी घर लौटे हैं। इनके सामने भरण-पोषण की समस्या न हो, इसके लिए प्रशासन विकास योजनाओं को शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए जिलाधिकारी ने निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कहा है कि कोविड गाइड लाइन का पालन करा विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराएं। बाहर से आने वाले प्रवासियों को भी रोजगार से जोड़ें।
इन कार्यों को प्राथमिकता
- लोक निर्माण विभाग ने चार माह पूर्व कुछ सड़कों की मरम्मत कराई थी, लेकिन पैचवर्क नहीं हो पाया था। नई सड़क बनाने के प्रस्ताव भी पास नहीं हो पाए थे। लोकनिर्माण विभाग ने अब दोबारा जिले की सड़कों का सर्वे शुरू कर दिया है।
- कई विकास खंडों में खेल मैदान बनाए जाने को लेकर लंबे समय से प्रादेशिक युवा कल्याण विभाग जमीन तलाश रहा है। अब गांवों में नई सरकार बनी है। ऐसे में नए प्रधानों के माध्यम से इन गांवों में ग्राम समाज की भूमि का प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा, ताकि खेल के मैदान का निर्माण हो सके।
- जल जीवन मिशन के तहत गांवों में रहने वाले हर घर को नल से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा था। जल निगम द्वारा इन गांवों में ओवरहेड टैंकों का निर्माण कराकर पाइप लाइन बिछाने का कार्य कर जल्द ही पूरा किया जाएगा।
- अधिकांश ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों व पंचायत घर के निर्माण का काम अधूरा पड़ा है। ये भी गति पकड़ेगा।