एरवा कटरा। गांव वैवाह निवासी दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया कि उनके घर के पास स्थित तालाब में डूबकर 19 जनवरी को उनके पांच वर्षीय पुत्र शिवांश की मौत हो गई थी। घटना के बाद तालाब के जीर्णोद्धार और साफ-सफाई का आश्वासन दिया गया था लेकिन अब तक कोई कार्य नहीं कराया गया।
दीपक कुमार का आरोप है कि जिम्मेदारों ने न तो तालाब की सफाई कराई और न ही कोई सुधार कार्य किया। आरोप है कि 21 मार्च को साफ-सफाई के नाम पर पंचायत के खाते से 52,200 रुपये का फर्जी भुगतान निकाल लिया गया। तालाब किनारे की फोटो अपलोड की गई जबकि मौके पर आज भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बताया कि इस तालाब में आए दिन गोवंश गिरकर घायल हो जाते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रधान रामलखन ने बताया कि गांव में जेसीबी व मजदूर लगाकर साफ सफाई कराई गई है जिसका भुगतान किया गया। (संवाद)