अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के अनंतराम कस्बे में परिवार के छह सदस्यों ने एक युवक पर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद जेवर-नकदी ले जाने का आरोप लगाया। हालत खराब होने पर पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
अनंतराम कस्बा निवासी बाबू खान, पत्नी बकरीदन, पुत्र रईस, बहन खुुर्शीदा और भांजी रानी व मुस्कान को बेहोशी की हालत में रविवार देर रात पड़ोसियों ने एंबुलेंस से सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया। होश आने पर रईस ने बताया कि अयाना क्षेत्र से मामा का बेटा रविवार दोपहर घर आया था।
उसने शाम को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर सभी को पिला दिया। थोड़ी देर बाद घर के सभी सदस्य बेहोश हो गए। रात में पड़ोसी घर आए और बेहोश देखकर अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप लगाया कि मामा का बेटा घर से जेवर और 30 हजार रुपये भी चोरी कर ले गया है। कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।