औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कखावतू स्थित कांशीराम कालोनी में सोमवार की रात वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।
कांशीराम कालोनी के ब्लॉक नंबर 13 निवासी अशर्फीलाल (75) सोमवार की रात लगभग 11:30 बजे तीसरी मंजिल स्थित घर की बालकनी से नीचे गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। परिजन वृद्ध को लेकर 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अशर्फीलाल अपने पुत्र छोटे के साथ रहते थे। वह आंखों से पूरी तरह से दिव्यांग थे। चलने-फिरने में भी असहाय थे। ऐसे में वह सोने के लिए बिस्तर लेकर घर की बालकनी तक कैसे पहुंचे। वहीं बालकनी में बिस्तर भी आधे लटक रहे थे। लोगों में यह सारी स्थितियां चर्चा का विषय बनी रहीं। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने जानकारी होने से इनकार किया है।