औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को कार की टक्कर से घायल मोहल्ला आर्य नगर निवासी एक अधेड़ की रविवार की देर शाम मौत हो गई। पीड़ित के साले ने कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कराने को तहरीर दी है।
मोहल्ला आर्य नगर निवासी लाल सिंह (48) कानपुर रोड पर आवास विकास परिषद को जाने वाले मोड़ पर सब्जी बेचने का काम करता था। शनिवार की शाम तेज रफ्तार कार ने उसकी रेहड़ी में टक्कर मार दी थी। जिससे लाल सिंह रेहड़ी समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज कर आराम मिलने पर घर जाने दिया था। दूसरे दिन रविवार को लाल सिंह को अचानक से दिक्कत हुई।
शाम लगभग साढ़े छह बजे अधेड़ ने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर मोहल्ले के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मृतक के साले जगत नारायण पुत्र रामस्वरूप निवासी आर्य नगर ने कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कराने को तहरीर दी है। जगत नरायन ने बताया कि कार सवार लोग अपने को डॉक्टर बता रहे थे तथा सभी शराब के नशे में धुत थे। उधर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।