औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ओमनगर निवासी गेस्ट हाउस संचालक व व्यापारी नेता ने शहर के ही कुछ दबंगों पर जान से मारने की धमकी देते हुए फायर करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। उधर व्यापारी नेता पर हमला होने की जानकारी होते ही लगभग 15 व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामला दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे ने प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली में दी तहरीर में पीड़ित पूर्व जिलाध्यक्ष आरजे उद्योग व्यापार मंडल व गेस्ट हाउस संचालक आदर्श पांडेय पुत्र दाताराम पांडे ने बताया कि मोहल्ला ओमनगर में स्थित गेस्ट हाउस के संचालक हैं। शनिवार को गेस्ट हाउस में एक शादी-समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। रात लगभग 11:30 बजे शहर निवासी दो दबंग तथा दो अज्ञात व्यक्ति उसके गेस्ट हाउस में आ गए और मौजूद कर्मचारी संजू दोहरे पुत्र सरमन लाल निवासी क्योंटरा से डीजे बजाने के लिए दबाव देने लगे। इस पर जब कर्मचारी ने रात में 10 बजे से अधिक का समय होने का हवाला देते हुए डीजे बजाने से मना कर दिया। इस पर दबंगों ने उसे गालियां देते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया।
सूचना मिलते ही वह गेस्ट हाउस पहुंचे। उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त दबंगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचे से उनपर फायर कर दिया। फायर की आवाज सुनते ही गेस्ट हाउस में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। व्यापारी ने आरोप लगाया कि दबंग भागते समय गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज न आए इस डर से उसका सेटअप बॉक्स भी उठा कर ले गए। रविवार को गेस्ट हाउस संचालक के साथ शहर के डेढ़ दर्जन व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।