सहायल। दिबियापुर-बेला मार्ग पर अरियारी किलवापुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बीमा कर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने युवक के पास मिले कागजातों से उसकी पहचान की और परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
कस्बा सहार निवासी किसान संतोष पांडेय का बेटा अंकुल (30) एक प्राइवेट कंपनी में बीमा कर्मी था। बुधवार शाम को वह बाइक से एक बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने औरैया आया था। रात को घर लौटते समय अरियारी किलवापुर गांव के पास बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गश्त कर रही पुलिस ने सड़क किनारे उसे घायल देखकर जिला अस्पताल चिचौली पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने युवक के पास मिले कागजातों से उसकी शिनाख्त कर जानकारी परिजनों को दी। पत्नी गौरी, बेटे शुभ व बेटी सिया का रो-रोकर बुरा हाल है। अंकुल का भाई रामजी सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर झारखंड में तैनात है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जाएगी। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
मिल जाता इलाज तो बच सकती थी जान
परिजनों ने बताया कि वाहन की टक्कर से अंकुल गंभीर रुप से घायल होकर सड़क पर गिर गया था। अगर अंकुल को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।