औरैया। मिट्टी के अवैध खनन में पकड़े गए युवक की सदर कोतवाली में रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। यह करतूत युवक के पकड़े जाने के बाद कोतवाली पहुंचे उसके साथी ने की है। इस मामले में सीओ सदर ने लापरवाही पर मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, दरोगा के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू करा दी गई है।
गुरुवार को खनन अधिकारी देशराज सिंह व पुलिस की टीम ने अवैध खनन के मामले में मिट्टी लदी चार ट्रैक्टर-ट्राॅली को पकड़ा। साथ में एक युवक को भी हिरासत में लिया गया। युवक कोतवाली में ले जाया गया। इसके बाद युवक का साथी भी कोतवाली पहुंच गया। उसने मोबाइल से कोतवाली के अंदर वीडियो बनाया। इसमें पुलिस कर्मी काम करते नजर आ रहे हैं। वहीं अवैध खनन में पकड़ा गया अनस नाम का युवक मुस्कुराते हुए देखा गया। इस रील को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
इस रील की खास बात यह रही कि इसमें माफियागीरी वाले गाने चलाए गए। माफियागीरी का यह अंदाज पुलिस की किरकिरी करने वाला रहा। वायरल रील की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्ट नहीं करता है। हालांकि इस रील का संज्ञान सीओ सदर अशोक कुमार ने लिया। मुंशी को लाइनहाजिर कर दिया गया। वहीं दरोगा पर विभागीय जांच शुरू की। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि मुंशी प्रशांत को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं दरोगा हरीश कुमार पर विभागीय जांच शुरू की गई है। कोतवाली के अंदर रील बनाया जाना गलत है। इसमें सीधे तौर पर लापरवाही सामने आई है।