रुरुगंज । बिधूना कोतवाली के गांव शाहपुर में शनिवार शाम को एक युवक संदिग्ध हालात में खेत में पड़ा मिला। जानकारी पर पहुंचे परिजन व पड़ोसी उसे तिर्वा मेडिकल ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मामले में मृतक के ससुरालीजनों ने परिजनों पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
शाहपुर निवासी ओमकांत (27) पुत्र जबर सिंह खेती किसानी करता था। उसकी शादी 23 जून 2024 को नगला रघोल जहानगंज फर्रूखाबाद निवासी गंधर्व सिंह की बेटी वंदना से हुई थी।
शनिवार शाम को वह गांव के महेंद्र प्रधान के सबमर्सिबल के पास खेत में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
परिजन उसे तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे। इसी बीच ओमकांत ने दम तोड़ दिया। अनहोनी पर गर्भवती पत्नी वंदना बिलखने लगी। जानकारी होने पर आए युवक के ससुर ने युवक के परिजनों पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा, कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने पहुंच कर जांच की और परिजनों के बयान लिए।
वहीं गांव में चर्चा रही कि घटना से कुछ देर पहले युवक ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।