फफूंद। थाना फफूंद के गांव खानपुर में बुधवार देर शाम कहासुनी को लेकर एक युवक पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव में आई पत्नी व दो बेटियों को भी पीटकर घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर परिजन आगरा ले गए। पुलिस ने मामले में पांच नामजद समेत तीन अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खानपुर गांव निवासी सलीम बुधवार को गांव के कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। शाम को वह चौराहा पर गृहस्थी का सामान लेने गया था। तभी रिंकू उर्फ चेतराम, जितेंद्र, चिंटू दिवाकर, अजीत निवासी खानपुर व विजय राजपूत निवासी बिलराई तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोटें लगने से सलीम बेहोश होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर बचाने पहुंची सलीम की पत्नी और दो बेटियों को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए।
घायलों को दिबियापुर सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन घायलों को आगरा ले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और दो-तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद से गांव में दहशत है।