अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के सुर्खीपुर मौजा चिमकुनी में गुरुवार शाम भूमि के विवाद को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की झोपड़ी में आग लगा दी। घटन में पांच महिला समेत 10 लोग घायल हो गए। इसमे तीन की हालत गंभीर है।
चिमकुनी गांव निवासी छोटेलाल पुत्र रघुनाथ सिंह को वर्ष 2019 में प्रधान ने एक आवासीय प्लॉट आवंटित किया था। छोटेलाल पिछले 20 वर्षों से उसी स्थान पर झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। इसी भूमि को लेकर गांव के रामनरेश ने लगभग पांच माह पहले डीएम के समक्ष वाद दायर किया था। सुनवाई के बाद 24 सितंबर को जिलाधिकारी ने छोटेलाल के पक्ष में फैसला देते हुए निर्माण की अनुमति प्रदान की थी। फैसले से नाराज विपक्षियों ने गुरुवार शाम करीब चार बजे छोटेलाल की झोपड़ी में आग लगा दी।
आग की लपटें देखकर छोटेलाल और उनके परिजन मौके पर पहुंचे तो विपक्षियों ने उन पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में रेखा देवी (35), बबली कुमारी (22), सत्यवती (50), कुशमा देवी (49), द्रोपदी (55), छोटेलाल (70), सिपाहीलाल (60), विश्राम सिंह (55), अनुज कुमार (23) और श्रीकांत (24) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने सभी घायलों को सीएचसी अछल्दा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रेखा देवी, बबली कुमारी व सत्यवती को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया दो पक्षों में विवाद हुआ है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।