घायल युवक को इलाज के लिए ले जाता युवक।
- फोटो : घायल युवक को इलाज के लिए ले जाता युवक।
दिबियापुर (औरैया)। फफूंद रेलवे स्टेशन पर चलती नंदन कानन एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक युवक गिर गया। ट्रेन धीमी होने पर वह स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरा था।
चढ़ते वक्त पैर फिसलने से वह ट्रेन के नीचे पटरियों पर गिर गया। सीएचसी में घायल की हालत नाजुक देख डॉक्टर ने कानपुर रेफर किया। युवक का पैर कट गया है। शरीर पर कई चोटें आई हैं।
कानपुर के नाथूपुर हकीमनगर चौबेपुर बिल्हौर निवासी रोहित (22) पुत्र छोटे 12816 नंदन कानन एक्सप्रेस से सपरिवार अलीगढ़ से कानपुर जा रहा था। सोमवार की दोपहर को फफूंद रेलवे पर लाल सिग्नल होने पर ट्रेन धीमी हो गई थी। ऐसे में रोहित पानी लेने के लिए स्टेशन पर उतर गया।
पानी लेने के बाद चलती ट्रेन में चढ़ते समय रोहित का पैर फिसल गया। इससे वह ट्रेन के नीचे गिर गया। ट्रेन गुजरने के बाद आरपीएफ के कांस्टेबल अजय सिंह, वीरेंद्र और मंजुलता ने उसे बाहर निकाला।
आरपीएफ के मुताबिक हादसे में उसका एक पैर कट गया। हाथ और शरीर में भी चोटें आई हैं। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे कानपुर रेफर किया।
आरपीएफ ने ट्रेन में सवार उसकी पत्नी को घटना की सूचना दे दी। जानकारी होने पर घायल के रिश्तेदार अरविंद भी पहुंच गए थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर रजनीश राय ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।