अयाना। घर से जालौन में रिश्तेदारी में जाने के लिए ऑटो से निकली महिला की मौत हो गई। एक ऑटो चालक उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचा था। मौत का कारण पता करने के लिए पुलिस हादसे की जगह लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जानकारी मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा।
शहर के मोहल्ला गोविंदनगर निवासी सुशीला देवी (65) शनिवार शाम को घर से रिश्तेदारी में कंधावली जालौन जा रहीं थीं। पुलिस के मुताबिक महिला भीखेपुर से जगम्मनपुर जाने के दौरान ऑटो से निकली थीं। रास्ते में उनकी मौत हो गई। एक ऑटो चालक महिला को सीएचसी अयाना लेकर पहुंचा था। ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि सुशीला देवी घायल हालत में सड़क पर पड़ी थीं। रास्ते में मौत हो गई।
पुलिस की सूचना पर मृतका के बेटे अजय निषाद व सर्वेश रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। महिला की पहचान उनके पास मिले आधार कार्ड से की गई। महिला को हाथ व सिर में चोट थी।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।