अजीतमल। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मौरंग से भरा ट्रक बल्लापुर के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में केबिन में दबे ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक चेकिंग वाहन ओवरटेक कर ट्रक के सामने आया, उससे बचने के लिए चालक ने ट्रक को मोड़ने का प्रयास किया, तभी हादसा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
थाना करहल के गांव सैलामऊ निवासी सनी (40) ट्रक चालक था। उसके साथ करहल थाना क्षेत्र के ही गांव जलालपुर निवासी विनय ट्रक पर हेल्पर काम करता था। सोमवार को दोनों उरई से ट्रक में मौरंग लोड कर इटावा की ओर जा रहा थे। जैसे ही ट्रक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गांव बल्लापुर के पास पहुंचा, तभी मोड़ने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
इससे मौरंग फैल गई तथा चालक केबिन में दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक व हेल्पर को निकालकर चिचौली मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां चिकित्सकों ने सनी को मृत घोषित कर दिया। विनय का इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंची सीओ सृष्टि सिंह ने आसपास मौजूद लोगों से दुर्घटना का कारण जाना तो उन लोगों ने बताया कि बल्लापुर के पास एक चेकिंग वाहन ने ओवरटेक करते हुए ट्रक के आगे गाड़ी लगा दी। ट्रक चालक ने गाड़ी देखकर ट्रक को औरैया की तरफ मोड़ने का प्रयास किया। उसी दौरान ट्रक दूसरी तरफ के डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
सूचना मिलने पर सनी के परिजन भी पहुंच गए। सनी के बाबा जागेश्वर दयाल सहित अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका एक छोटा भाई अश्वनी व बहन सोनी है।
सीओ अजीतमल सृष्टि सिंह ने बताया कि डिवाइडर से टकराकर ट्रक पलटा है। इसमें चालक की मौत हुई है और हेल्पर गंभीर रूप से घायल है। मेडिकल कॉलेज में घायल का उपचार चल रहा है। दुर्घटना के कारण की जांच कराई जाएगी।
फोटो-30-एक्सप्रेस वे पर पलटा ट्रक। संवाद- फोटो : मृतक दीनदयाल का फाइल फोटो। परिजन स्रोत
फोटो-30-एक्सप्रेस वे पर पलटा ट्रक। संवाद- फोटो : मृतक दीनदयाल का फाइल फोटो। परिजन स्रोत