कमालपुर गांव निवासी धीरपाल सिंह प्राइवेट कर्मी हैं। धीरपाल के अनुसार वह शनिवार सुबह जरूरी काम से बाइक से महाराजपुर थाने की ओर जा रहे थे। रास्ते में एसीपी चकेरी कार्यालय के सामने काली पल्सर सवार दो युवक मिले। पीछे खाकी वर्दी पहने बैठा युवक हाथ में प्लास्टिक की चटाई लिए था। बाइक चालक ने थाेड़ी दूर पर एंबुलेंस खराब होन की बात बताकर खाकी वर्दी वाले साथी को वहीं छोड़ने के लिए कहा।
वर्दी में वाले युवक को सिपाही या होमगार्ड समझकर बैठा लिया। पल्सर वाला युवक वहां से घुमाकर लौट गया। कुछ दूर चलने पर उन्हें अहसास हुआ कि पीछे बैठे युवक ने उनकी जेब काट ली तो उन्होंने बाइक रोककर उसे पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, वह बाइक से कूदकर पीछे आ रहे बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार साथी के साथ भाग निकला। आरोपी उनकी जेब में पड़े 13.5 हजार रुपये और आधार, डीएल साथ ले गया।वहीं, दूसरी वारदात जगईपुरवा लालबंगला निवासी नरेश सिंह के साथ हुई। वह बैंक में रुपये जमा करने जा रहे थे। एसीपी चकेरी कार्यालय के सामने खाकी वर्दी पहने व्यक्ति को लिफ्ट देने के बाद करीब 20 हजार रुपये से हाथ धो बैठे। जेब कटने का पता चलने पर उन्होंने भी महाराजपुर थाने में शिकायत की।
कार में ली थी लिफ्ट, 27 हजार गवांए
शमशाबाद से नौकरी कर लौटे विजय कुमार के अनुसार उन्होंने रामादेवी से कार में लिफ्ट ली थी। कार में पहले से मौजूद युवक ने उनकी जेब काट कर 27 हजार रुपये पार कर दिए। महाराजपुर थाना प्रभारी सुनील वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान के लिए रूमा से पुरवामीर तक नेशनल हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।