औरैया। सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत बिझाई में अब मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने चालू वित्तीय बरस में इसकी कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी है।
जनपद औरैया के दिबियापुर से करीब 10 किमी दूर विकास खंड सहार की ग्राम पंचायत बिझाई है। इस ग्राम पंचायत के इर्दगिर्द स्वास्थ्य की कोई बेहतर सुविधा नहीं है। इस कारण यहां के लोग दिबियापुर सीएचसी या फिर सहार सीएचसी जाते हैं। ऐसे में मरीजों को दुश्वारी होती है। इसे देखते हुए स्थानीय लोग काफी समय से ग्राम पंचायत बिझाई में उप स्वास्थ्य केंद्र की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को रूबरू कराया। मांग को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को चालू वित्तीय बरस में बिझाई ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र का प्रस्ताव जिला योजना में शामिल करने के निर्देश दिए थे।
इस पर स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम पंचायत बिझाई में स्वास्थ्य केंद्र के प्रस्ताव को जिला योजना में शामिल किया है। ऐसे में अब यहां के लोगों को जल्द ही इलाज की सुविधाएं सुलभ होंगी। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत बिझाई में स्वास्थ्य केंद्र के बनाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बस मंजूरी मिलने का इंतजार है।