अछल्दा (औरैया)। इटावा जिले के भर्थना से अछल्दा आ रहे बाइक सवार दंपति को बाइक सवारों ने रास्ते में पीछा कर महिला का पर्स छीन लिया। दंपति कुछ समझ पाते तब तक बदमाश भाग निकले। दंपति ने थाना अछल्दा में मामले की जानकारी दी है। महिला को डाक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इटावा के थाना बकेवर मिश्रपुर निवासी राहुल पुत्र विजयपाल अपनी पत्नी के साथ बाइक से अछल्दा थाना के गुनौली गांव में रिश्तेदारी में जा रहे थे। शनिवार को दोपहर साढ़े 12 बजे करीब वह जब अछल्दा-घसारा मार्ग से गुजर रहे थे तभी रास्ते में अपाचे बाइक पर सवार दो लोगों ने पीछा करना शुरू कर दिया। बाइक पीछे आते देख राहुल ने साइड देकर बदमाशों की बाइक को आगे निकाल दिया। उसके बाद बदमाशों ने बाइक धीमे कर उलटी साइड में लगाकर महिला का पर्स छीन लिया। पर्स की छीना झपटी से महिला को चोट आई है। यह सब देख राहुल ने अचानक बाइक को रोका और जब तक वह कुछ समझ पाते लुटेरे मौके से भाग निकले। इसके बाद राहुल अपनी पत्नी के साथ थाना अछल्दा पहुंचे और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने महिला को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया है। अछल्दा एसओ राजेश सिंह ने बताया है कि मामला भर्थना थाने का है। वहीं पर दर्ज किया जाएगा।