दिबियापुर (औरैया)। मंडी समिति में लगने वाली आढ़तों की प्रत्येक माह की पहली तारीख को होने वाली मासिक बंदी के दौरान कुछ आढ़तियों ने सड़क किनारे अपनी दुकानें लगा लीं। इसका आढ़ती यूनियन ने विरोध किया। काफी देर तक आढ़तियों एवं आढ़ती यूनियन के पदाधिकारियों के बीच नोकझोंक चली।
दिबियापुर मंडी समिति में लगने वाली सब्जी आढ़तियों की यूनियन ने तय किया है कि प्रत्येक माह की पहली तारीख को आढ़तें बंद रहेंगी। यह प्रक्रिया काफी लंबे अरसे से चल रही हैं। पिछले दिनों यह भी तय हो गया था कि फुटकर बिक्री करने वाले सब्जी दुकानदारों की दुकानें आढ़तों के बीच में नहीं लगने दी जाएंगी। पिछले कई दिनों से फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बेला-दिबियापुर मार्ग के किनारे लगानी शुरू कर दी थीं। शनिवार को मासिक बंदी होने के कारण कई सब्जी आढ़तियों ने भी अपनी दुकानें सड़क किनारे लगा लीं। सब्जी आढ़त यूनियन के पदाधिकारियों को जैसे ही जानकारी मिली तो सभी यहां पहुंच गए। काफी कहासुनी के बाद बेला रोड पर सड़क किनारे सब्जी आढ़त सजाए दुकानदार अपना सामान उठा ले गए। इसके बाद मामला शांत हुआ।