इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में हाईवे पर ब्रह्मनगर-दयालपुर मोहल्ले के सामने मंगलवार को भूसा लदे ट्रैक्टर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के सैफई रेफर किया गया है।
जालौन जिले के रेडर थाना क्षेत्र के गांव डीहा निवासी राम मोहन (25) पुत्र ब्रजमोहन बाइक से गांव के ही एक साथी के साथ कानपुर बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहा था।
औरैया के इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में हाईवे पर ब्रह्मनगर-दयालपुर मोहल्ले के सामने पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे भूसा लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को 50 शय्या जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रुप से घायल राम मोहन को सैफई रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने मृतक युवक के पास मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी।
परिजनों ने पहुंचकर मृतक की शिनाख्त संतोष कुमार (36) पुत्र परमजू निवासी डीहा थाना रेडर जिला जालौन के रुप में की।
उधर, मृतक के भतीजे दीपू पुत्र हरदास की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इस संबंध में ब्रह्मनगर चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि घटना स्थल से हेलमेट बरामद नहीं हुआ है। इससे बाइक सवार द्वारा हेलमेेट न लगाने की संभावना जताई जा रही है।