दिबियापुर (औरैया)। उत्तर मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक ने फफूं द रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। एक घंटे तक अधीनस्थों से स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिए चर्चा की। उन्होंने प्लेटफार्मों पर लग रहे कोटा स्टोन भी देखा।
दोपहर ढाई बजे विशेष निरीक्षण ट्रेन से फफूंद रेलवे स्टेशन पर आए डीआरएम हरेंद्र राव ने पहले प्लेटफार्मों पर लगाए जा रहे कोटा स्टोन का जायजा लिया। निर्माण विभाग के अधिकारियों ने उनको बताया कि प्लेटफार्मों पर 4000 वर्ग मीटर क्षेत्र में कोटा स्टोन लगाया जाएगा। प्लेटफार्म संख्या 1/2 पर बनी अनारक्षित टिकट खिड़कियों को भी प्लेटफार्मों के बाहर रिजर्वेशन काउंटर के पास ही खोलने के लिए विचार विमर्श किया। निर्माण खंड के अधिकारियों ने बताया कि पुराना फुट ओवरब्रिज तोड़कर दूसरा बनाया जाना है। इसके लिए ड्राइंग तैयार होकर आ गई है। नया फुट ओवरब्रिज वर्तमान में बनी जीआरपी चौकी के ऊपर से गुजरेगा। डीआरएम ने साइट का भी निरीक्षण किया। बाद में स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में अधीनस्थों के साथ हुई परिचर्चा में निर्णय लिया गया कि प्लेटफार्म से अनारक्षित टिकट खिड़कियों को बाहर किया जाएगा। पुराने फुट ओवरब्रिज के नीचे एक नई बिलि्ंडग तैयार कराई जाएगी। इसमें अनारक्षित टिकट काउंटर खोले जाएंगे। पीआरएस एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों के बीच में यात्रियों के बैठने के लिए छायादार जगह छोड़ी जाएगी। रेलवे स्टेशन के दूसरी ओर से आने वाले यात्रियों के लिए नए बनने वाले फुट ओवरब्रिज के पास में एक अनारक्षित टिकट खिड़की खोली जाएगी। दोनों ही प्रस्तावों के लिए डीआरएम ने इलाहाबाद के मंडलीय, इटावा खंड एवं फफूंद रेलवे स्टेशन के निर्माण विभाग से संबंधित अधिकारियों को
ड्राइंग तैयार करने के लिए
निर्देशित किया।
स्टेशन अधीक्षक आरसी त्रिपाठी ने बताया कि यहां पर कर्मचारियों की जरूरत है। सीनियर डीसीएम विजय कुमार, सीनियर डीईएन सुंधांशु कुमार, आरपीएफ थाना प्रभारी एपी सिंह, एसएंडटी के आलोक प्रताप सिंह, चीफ बुकिंग सुपरवाइजर रजनीकांत श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।